डीएम के तेवर देख शिक्षकों में हड़कंप; असनहरा स्कूल में बंद मिला मिड-डे मील, 4 का वेतन काटा

 



सिद्धार्थनगर (मिठवल)।

जिले की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने कमर कस ली है। मंगलवार को विकास खंड मिठवल के प्राथमिक विद्यालय असनहरा के औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी खामियां मिलने पर डीएम का पारा चढ़ गया। लापरवाही और अनुपस्थिति पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने 4 शिक्षकों का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जारी किया है।

स्कूल में पसरी थी गंदगी, बंद मिला भोजन

निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि विद्यालय में मिड-डे मील योजना पूरी तरह बंद पाई गई। बच्चे भूखे थे और परिसर में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा था। पेयजल की व्यवस्था भी ठप मिली। डीएम ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल बहाल करने का आदेश दिया।

इन पर गिरी गाज:

  • गणेश कुमार मिश्रा (प्रधानाध्यापक): बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर वेतन कटा।
  • विजय प्रताप (शिक्षा मित्र): बिना सूचना गायब रहने पर कार्रवाई।
  • विशाल कुमार श्रीवास्तव (सहायक अध्यापक): दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर वेतन कटा।
  • ज्योत्सना तिवारी (सहायक अध्यापक): अभिलेखों में लापरवाही पर वेतन कटौती।

छात्रों की कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी

डीएम ने देखा कि न केवल छात्र संख्या कम थी, बल्कि जो बच्चे मौजूद थे, वे ड्रेस में नहीं थे। उन्होंने प्रधानाध्यापक को अभिभावकों से संपर्क कर उपस्थिति सुधारने की चेतावनी दी। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शैक्षिक संस्थानों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu